जशपुर

भगवान के चरित्र को जीवन में अपनाएं-इंद्र कुमार साहू
04-Feb-2026 4:23 PM
भगवान के चरित्र को जीवन में अपनाएं-इंद्र कुमार साहू

ठेलकाबाँधा में श्री रामचरितमानस प्रतियोगिता संपन्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 4 फरवरी। ग्राम ठेलकाबाँधा में मानसशक्ति केंद्र स्तरीय त्रि-दिवसीय संगीतमय श्री रामचरितमानस प्रतियोगिता का आयोजन 30 जनवरी से 1 फरवरी तक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री बालाजी मानस शक्ति केंद्र पिपरौद एवं महावीर मानस मंडली ठेलकाबाँधा के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ 29 जनवरी को तुलसी तिवारी महाराज, मानस शक्ति केंद्र पिपरौद के पदाधिकारियों तथा ग्राम के अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस आयोजन में कुल 24 मानस मंडलियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले कार्यक्रम में प्रतिदिन आठ-आठ मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति दी।

आयोजक समिति द्वारा विजेता मंडलियों के लिए पुरस्कार की व्यवस्था की गई थी। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर श्री सुर श्रृंगार मानस मंडली गातापार को 2001 रुपये, द्वितीय स्थान पर महतारी के कोरा मानस मंडली पचेड़ा को 1501 रुपये तथा तृतीय स्थान पर जानकी रमण मानस मंडली डोंगीतराई को 1001 रुपये प्रदान किए गए।

इसी प्रकार महिला वर्ग में प्रथम स्थान जय सरस्वती महिला मानस मंडली कोकड़ी नारी, द्वितीय स्थान दन्तेश्वरी मानस मंडली टोकरो तथा तृतीय स्थान तारणी महिला मानस मंडली कुर्रा को प्राप्त हुआ। विजेता मंडलियों को क्रमश: 2001, 1501 और 1001 रुपये की राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू उपस्थित रहे। अध्यक्षता गुहाराम तारक ने की। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच आशीष जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत बैस, जनपद सदस्य श्रीमती राजेश्वरी ध्रुव, सांसद प्रतिनिधि अनिल अग्रवाल तथा सरपंच संघ अध्यक्ष मुकेश ढीढी शामिल रहे।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक इंद्र कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान ने जो चरित्र प्रस्तुत किए हैं, उन्हें जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

श्री बालाजी मानस शक्ति केंद्र पिपरौद के अध्यक्ष श्यामलाल साहू ने कहा कि रामचरित मानस का आयोजन तभी सार्थक होगा जब इसके आदर्शों को जीवन में उतारा जाए। उन्होंने इसे जीवन जीने की कला सिखाने वाला महाकाव्य बताया।

कार्यक्रम के अंत में विजेता मंडलियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही निर्णायकों, जनप्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।

आयोजन में मानस शक्ति केंद्र पिपरौद के अध्यक्ष एस.एल. साहू, जिला मानस संघ रायपुर के अध्यक्ष नारायण राम साहू, संरक्षक आर.आर. साहू, उपाध्यक्ष श्यामलाल तारक, विजय पटेश्वर, तुलसी साहू, कस्तूरचंद साहू, घनश्याम साहू, कृष्ण कुमार हिरवानी, नूतन प्रसाद साहू, भीम सिंह चंदन, सूरज तारक, चन्द्रकान्त तारक, पूर्व सरपंच डमरू राम तारक, राधे रमण साहू, खम्हन साहू, कलाराम तारक, ओमप्रकाश निर्मलकर, डॉ. अशोक धीवर (मीडिया प्रभारी), ओमप्रकाश यदु सहित महावीर मानस मंडली के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन राधे रमण साहू एवं टी.आर. तारक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बाल समाज समिति के अध्यक्ष गुहाराम तारक ने किया।


अन्य पोस्ट