जशपुर
राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 13 दिसंबर। जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड में शुक्रवार को धान खरीदी में गड़बडिय़ों, रकबा कटौती, सर्वर की खराबी और टोकन की अव्यवस्था से परेशान किसानों के समर्थन में कांग्रेसी खुलकर मैदान में उतर आए और मनोरा बस स्टैंड मेें एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया, जिसमें किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। धरने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए धान खरीदी की अव्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग रखी। धरने में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी मंच से खुलकर अपनी समस्याएं रखीं।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि टोकन समय पर नहीं मिलता, 4-4 दिन बाद नंबर आता है। रकबा काट दिया गया है, कोई सुनने वाला नहीं। सर्वर रोज ठप रहता है। मनोरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं मनोरा जनपद पंचायत अध्यक्ष परमेश्वर भगत ने धरना स्थल को संबोधित करते हुए कहा कि धान खरीदी के नाम पर किसान को लाइन में रुलाया जा रहा है।
पूर्व विधायक विनय भगत ने कहा कि पिछले साल धान खरीदी में हुई गड़बडिय़ों को दबाया गया। धरने के बाद कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार मनोरा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
मनोरा परमेश्वर भगत ने कहा कि यह किसानों की लड़ाई है, और हम पूरी ताकत से लड़ेंगे। उन्होने कहा कियह शुरुआत है। अगर उनकी मांगे पूरी नहीं होती है तो मनोरा के बाद वे जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे।


