जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 28 नवंबर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन शुरू होने के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में धान की अवैध आवक रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जशपुर जिले की सीमा पर निगरानी बढ़ाई गई है। झारखंड और ओडिशा की ओर जाने वाले मार्गों पर नाकेबंदी की गई है और 24 घंटे टीमें तैनात की गई हैं। मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया है।
25 नवंबर को थाना लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पोड़ी के ग्रामीण मार्ग से झारखंड की ओर से एक टाटा आईसर ट्रक जशपुर की ओर आ रहा है, जिसमें धान लोड है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक सीजी 04-एमटी-0273 को रोका। जांच में वाहन से 12 टन 40 किलो धान मिला।
वाहन चालक ने अपना नाम केश कुमार, निवासी ग्राम हाडिय़ा कला, थाना रेवती, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने ट्रक मालिक का नाम विश्वकर्मा पटेल बताया और कहा कि धान झारखंड के ग्राम बारो से लोड किया गया था। पुलिस ने धान और वाहन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
इसी तरह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जोड़तेला मार्ग से एक पिकअप क्रमांक जेएच-13 जी-7425 भी धान लेकर जशपुर की ओर आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी में 50 क्विंटल धान मिला।
वाहन चालक और मालिक ने अपने नाम क्रमश: आनंद विनय कुमार और संजय प्रसाद बताए, जो झारखंड के जिला गुमला के ग्राम मोकरा के निवासी हैं। वाहन में धान परिवहन के लिए कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दोनों वाहनों से कुल 12 टन 90 किलो धान बरामद कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है। प्रशासन ने बताया कि मामले में वैधानिक प्रक्रिया जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लोदाम क्षेत्र से झारखंड से अवैध रूप से धान ला रहे एक ट्रक और एक पिकअप को पकडक़र प्रशासन को सौंपा गया है; आगे की कार्रवाई की जा रही है।


