जशपुर

पहले चरण में जिले के 16 गौठानों में बनेगा ग्रामीण औद्योगिक पार्क
03-Oct-2022 7:58 PM
पहले चरण में जिले के 16 गौठानों में बनेगा ग्रामीण औद्योगिक पार्क

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 3 अक्टूबर।
  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती  पर मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘‘महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना’’ का वर्चुअल शुभारंभ किया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में जशपुर जिले से जशपुर विधायक विनय भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत, कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी  जितेन्द्र यादव, समाजसेवी  हीरू राम निकुुंज, अजय गुप्ता, अन्य अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एव बड़ी संख्या में समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के लोगों का विमोचन भी किया। साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिला समूहों से चर्चा कर उनकी योजनाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर जशपुर विधायक विनय भगत ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनों को केन्द्र में रखकर योजनाएं तैयार करती है। जिसका प्रत्यक्ष लाभ ग्रामीणों को मिलता है। गौठानों में महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बन जाने से महिलाएं मल्टी एक्टिविटी के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही है। उन्हें आय के स्त्रोत प्राप्त हुए है। भगत ने गौठानों से जुड़ी सभी महिलाओं को शुभकामनााएं देते हुए कहा कि शासन की यह महत्वाकांक्षी योजना है। इसका लाभ गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। इस हेतु इस कार्य में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी को मिलकर इस क्षेत्र में कार्य करने की बात कही।कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि गौठान के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं स्वावलंबन के पथ पर अग्रसर हो रही है।

जिले में महिलाएं जैविक खाद के साथ ही मुर्गी-बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, मसाला प्रोसेसिंग, जैविक कीटनाशक, सहित अन्य उत्पाद तैयार कर रहे है। जशपुर जिला प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है।

यहां कटहल, लीची, स्ट्रॉबेरी, नाशपाती, चाय जैसे उपज प्रचुर मात्रा में होता है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं इनका प्रसंस्करण कर अनेक उत्पाद तैयार कर सकती है। साथ ही उन्हें विक्रय के लिए बाजार भी प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है। जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत एवं सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनेंगी।

सीईओ यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क बनाने के उद्देश्य के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए जिले के चयनित गौठानों में महिलाओं द्वारा की जा रही गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि रिपा के माध्यम से समूह की महिलाएं आजीविका संवर्धन गतिविधियों से जुडक़र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगी।

इन जगहों पर बनेगा पार्क
जिले के 8 विकासखंडों में 16 गौठानों में महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क का शुभारंभ किया गया है। जिसके अंतर्गत जशपुर जनपद के घोलेंग, बालाछापर गौठान, दुलदुला के नोनियातला, कोरना,मनोरा के आस्ता, सोनक्यारी, बगीचा के जुरगुम, पंडरापाठ, कुनकुरी के गिनाबहार, फरसाकानी, फरसाबहार के बोखी, साजबहार, कांसाबेल के बगिया, चेटबा एवं पत्थलगांव के पालीडीह व बहनाटांगर गौठान शामिल है। जिले के इन 16 गौठानों हेतु 32 करोड़ का राशि स्वीकृत है। जिसका उपयोग अधोसंरचना निर्माण एवं महिलाओं को प्रशिक्षण, मशीनरी क्रय, कच्चा माल उपलब्ध कराने सहित अन्य कार्य किए जाएंगे।

 


अन्य पोस्ट