जान्जगीर-चाम्पा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में जांजगीर-चांपा जिले का प्रदर्शन इस बार निराशाजनक रहा है। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत में गिरावट दर्ज हुई है, लेकिन इसके बावजूद तीन मेधावी छात्रों ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है।
कक्षा 12 में चांपा की छात्रा खुशबू देवांगन ने 96.40 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 10 में जांजगीर के नैतिक गौतम ने 98 प्रतिशत अंकों के साथ 7वीं रैंक और लोकेश राठौर ने 97.67 प्रतिशत अंकों के साथ 9वीं रैंक हासिल की। इन तीनों छात्रों की सफलता ने जिले की साख को संभालने का काम किया है।
हालांकि, कुल परिणाम की बात करें तो इस बार स्थिति चिंताजनक रही। कक्षा 12 में 10,178 परीक्षार्थियों में से केवल 6,685 छात्र पास हुए, जिससे पास प्रतिशत 65.73% रहा। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 72.45% था, यानी इस बार करीब 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई।
इसी तरह कक्षा 10 में भी 13,272 परीक्षार्थियों में से 7,931 छात्र ही सफल हो सके। इस तरह पास प्रतिशत 59.90% रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 71.98% था, यानी 12 प्रतिशत की बड़ी गिरावट। जिले में जहां एक ओर परिणामों को लेकर चिंता का माहौल है, वहीं मेरिट में स्थान बनाने वाले छात्रों की उपलब्धि ने जिले को गर्व करने का अवसर भी दिया है।


