जान्जगीर-चाम्पा
शिवरीनारायण मेले में घेरकर की पिटाई, फिर पीछा कर मार डाला
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जांजगीर-चांपा, 16 फरवरी। जिले के शिवरीनारायण में एक नाबालिग भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर बहन के प्रेमी की हत्या कर दी और शव को गांव के पास तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में दो बालिग समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
11 फरवरी को धरदेई गांव के पुराने तालाब में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया।
जांच के दौरान युवक की पहचान राहुल चौहान (27) के रूप में हुई। वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के दर्रा गांव का रहने वाला था।
परिजनों ने बताया कि राहुल अपने एक दोस्त के साथ शिवरीनारायण मेला देखने गया था। दोस्त ने पुलिस को बताया कि मेला घूमने के बाद वे राहुल की मौसी के घर गए और शाम करीब छह बजे लौट रहे थे। रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। दोस्त किसी तरह वहां से भाग निकला, लेकिन राहुल भाग नहीं पाया और उसको पीछा करते हुए आरोपियों ने घेर लिया।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग भाई को अपनी बहन और राहुल के बीच प्रेम संबंध पसंद नहीं था। दोनों मोबाइल पर बात करते थे, जिससे वह नाराज था।
इसी रंजिश में उसने छह-सात दोस्तों के साथ मिलकर पहले राहुल की बेरहमी से पिटाई की। जब राहुल बचने की कोशिश करने लगा, तो उसे घेरकर धारदार हथियार से हमला किया गया। हत्या के बाद शव तालाब में फेंक दिया गया। 11 फरवरी को शव ग्राम धरदेई के पुरैना तालाब में देखा गया था।
दोस्त के बयान के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की और साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने कोमल कर्ष (23) और राजवीर अनंत (19) सहित कुल छह आरोपियों को पकड़ लिया।
दोनों बालिग आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि चार नाबालिगों को किशोर गृह भेजा गया है। मामले में कुछ और नाबालिग शामिल बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
सीएसपी योगिताबली खापर्डे ने बताया कि नाबालिग भाई ही इस हत्या का मुख्य साजिशकर्ता है। एक फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



