जान्जगीर-चाम्पा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 11 अक्टूबर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के थाना सनावल पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 मवेशियों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मवेशियों को मारते-पीटते हुए कामेश्वरनगर के कोरवा पारा जंगल के रास्ते झारखंड की ओर ले जा रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को झारखंड के बूचडख़ाने में ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को थाना सनावल पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो से तीन पशु तस्कर लगभग 10 से 15 गाय, बछड़े और बछियों को मारते-पीटते हुए कामेश्वरनगर के कोरवा पारा जंगल के रास्ते झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान दो व्यक्ति मवेशियों को हांकते हुए झारखंड की ओर जाते मिले। पुलिस ने दोनों को पकडक़र पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहत अंसारी तथा अख्तर अंसारी दोनों निवासी टाटीदीरी, थाना धुरकी, जिला गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 17 मवेशियों को झारखंड के बूचडख़ाने में ले जाने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपियों के कब्जे से कुल 17 मवेशियों को जब्त किया। इनमें 14 गाय, दो बछिया और एक बछड़ा शामिल हैं। मामले में थाना सनावल में अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 1964 की धारा 4, 6, 10 एवं 11(1)(घ) सहित पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।