जान्जगीर-चाम्पा

डीजे पर नाच रहे बारातियों को बेकाबू ट्रक ने कुचला, चार महिलाएं घायल
11-Feb-2026 1:45 PM
डीजे पर नाच रहे बारातियों को बेकाबू ट्रक ने कुचला, चार महिलाएं घायल

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 11 फरवरी। जिले के घिवरा गांव में मंगलवार रात एक हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को चीख-पुकार में बदल दिया। डीजे की धुन पर नाच रहे बारातियों को एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें एक की हालत गंभीर है।

हादसा बिर्रा थाना क्षेत्र में हुआ।  जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पेंड्रावन से आई बारात बिर्रा के भाटापारा स्थित रथू देवांगन के घर पहुंची थी। दरवाजे पर परघनी की रस्म की तैयारी चल रही थी और बाराती डीजे की धुन पर सड़क किनारे नाच-गान कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था। अचानक चालक ने वाहन स्टार्ट कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान शिवरीनारायण की ओर से आ रहे एक ट्रक ने भी सड़क पर खड़ी बारात को टक्कर मार दी और पास में लगे टेंट में जा घुसा।

टक्कर की चपेट में आकर भूरी बाई (65), राधिका देवांगन और रेणुका देवांगन (55) घायल हो गईं, जिनका उपचार बिर्रा में जारी है। वहीं उषा बाई देवांगन (53) की जांघ पर ट्रक का पहिया चढ़ने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने झपकी आने की बात कही, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि वह नशे में था। पुलिस ने वाहन जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस हादसे का वीडियो भी मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड हुआ है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट