जान्जगीर-चाम्पा

चरित्र के संदेह में पत्नी की हत्या की, नस काटकर खुद को घायल किया, दोनों ने की थी दूसरी शादी
08-Sep-2025 1:56 PM
चरित्र के संदेह में पत्नी की हत्या की, नस काटकर खुद को घायल किया, दोनों ने की थी दूसरी शादी

जांजगीर-चांपा, 8 सितंबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से चाकू मार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपनी हाथ की नस भी काट ली। बताया जा रहा है कि पति को पत्नी के चरित्र पर शक था, इसी शक ने जानलेवा रूप ले लिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम गायत्री देवांगन (35 वर्ष) है, जबकि आरोपी पति का नाम जगदीश देवांगन (36 वर्ष) है। दोनों की यह दूसरी शादी थी।

दोनों पति-पत्नी शारदा मंगलम के पीछे किराए के मकान में रहते थे। बताया जाता है कि शराब के नशे में धुत्त जगदीश अक्सर पत्नी के चरित्र पर शक करता था और आए दिन विवाद होता था। रविवार दोपहर भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर उसने चाकू से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और गायत्री जमीन पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने अपनी नस भी काट ली। जानकारी होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर पति-पत्नी खून से लथपथ मिले। घर के अंदर खून बिखरा पड़ा था और महिला के शरीर पर कई जगह गहरे घाव थे। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर गायत्री ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला किया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गायत्री को मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पति की हालत नाजुक है, काफी खून बह जाने से उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हालत सुधरने पर उससे पूछताछ की जाएगी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।


अन्य पोस्ट