जान्जगीर-चाम्पा

जांजगीर-चांपा, 8 सितंबर। जिले के अकलतरा विकासखंड के नगर पंचायत नरियरा स्थित शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला नरियरा में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को बच्चों को परोसे गए भोजन में कीड़े निकलने का मामला सामने आया, जिसके बाद स्कूल में हंगामा मच गया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब सरकारी स्कूलों में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर उंगली उठी हो। इससे पहले भी कई बार खाने में गंदगी और कीड़े मिलने की शिकायतें हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और समूहों द्वारा सुधार की बजाय लापरवाही जारी है।
नरियरा कन्या मिडिल स्कूल में मध्यान्ह भोजन का संचालन आदर्श महिला स्व सहायता समूह करता है। बच्चों ने जब खाने में कीड़े मिलने की शिकायत हेडमास्टर और मध्यान्ह भोजन प्रभारी अन्नपूर्णा साहू से की, तो उन्होंने उल्टा बच्चों को डांटकर भगा दिया। इससे हेडमास्टर की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। बच्चों ने यह मामला संकुल समन्वयक के पास भी पहुंचाया है।
जानकारी के मुताबिक पिछले महीने भी परोसे गए चावल में कीड़े मिले थे। तब शिक्षकों और संकुल समन्वयक ईश्वरी कश्यप ने महिला समूह और रसोइयों को साफ-सुथरा भोजन परोसने की हिदायत दी थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।