अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप का दावा- भारत अमेरिका से वेनेज़ुएला का तेल ख़रीदेगा
01-Feb-2026 10:05 AM
ट्रंप का दावा- भारत अमेरिका से वेनेज़ुएला का तेल ख़रीदेगा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि भारत ने ईरान से तेल खरीदने की बजाय वेनेज़ुएला से तेल खरीदने का समझौता किया है.

वेनेज़ुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के बाद अमेरिका वेनेज़ुएला के तेल उद्योग पर अपने नियंत्रण की योजना बना रहा है. ट्रंप यह भी घोषणा कर चुके हैं कि वेनेज़ुएला अब अमेरिका को बड़ी मात्रा में तेल देने के लिए तैयार है.

शनिवार को एयरफ़ोर्स वन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप से सवाल किया गया कि क्या चीन तेल के लिए वेनेज़ुएला को दिए पैसे वापस लेगा.

इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "मुझे इसके बारे में कुछ नहीं पता. लेकिन मैं आपको बताता हूं, चीन का स्वागत है और वे तेल पर एक बहुत अच्छी डील कर सकते हैं. हम चीन का स्वागत करते हैं."

ट्रंप ने कहा, "हमने पहले ही एक डील कर ली है...भारत ईरान से खरीदने की बजाए वेनेज़ुएला से तेल खरीदेगा. हमने वह डील पहले ही कर ली है."

ट्रंप ने कहा कि वेनेज़ुएला का तेल खरीदने के लिए 'चीन का भी स्वागत है, वे आकर तेल खरीद' सकते हैं.

ट्रंप के इस दावे पर फिलहाल भारत की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

वहीं कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्रंप के दावे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, "उन्होंने (ट्रंप ने) हमें बताया कि ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है. उन्होंने हमें बताया कि भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया है. और अब यह (भारत वेनेज़ुएला से तेल ख़रीदेगा). राष्ट्रपति ट्रंप हमें लगातार यह जानकारी दे रहे हैं कि हमारी अपनी सरकार ने क्या किया है या क्या करने वाली है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट