अंतरराष्ट्रीय

डेमोक्रेट नीत शहरों में प्रदर्शनों के दौरान मदद मांगे जाने तक हस्तक्षेप नहीं करेंगे: ट्रंप
01-Feb-2026 10:03 AM
डेमोक्रेट नीत शहरों में प्रदर्शनों के दौरान मदद मांगे जाने तक हस्तक्षेप नहीं करेंगे: ट्रंप

वाशिंगटन, 1 फरवरी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि उन्होंने गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम को निर्देश दिया है कि डेमोक्रेटिक पार्टी शासित शहरों में होने वाले विरोध प्रदर्शनों के दौरान तब तक दखल नहीं दिया जाएगा जब तक स्थानीय प्राधिकारी संघीय मदद न मांगें।

ट्रंप ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब आव्रजन संबंधी कार्रवाई को लेकर उनके प्रशासन को आलोचनाएं झेलनी पड़ रही हैं।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘हम खराब ढंग से संचालित विभिन्न डेमोक्रेट शहरों के विरोध प्रदर्शनों और/या दंगों में किसी भी परिस्थिति में तब तक हस्तक्षेप नहीं करेंगे जब तक वे हमसे मदद नहीं मांगेंगे।’’

उन्होंने यह नहीं बताया कि उनके आदेश का अमेरिकी सीमा शुल्क एवं आव्रजन प्रवर्तन और गृह मंत्रालय के कर्मियों या अन्य संघीय एजेंसियों द्वारा की जा रही कार्रवाइयों पर क्या असर पड़ेगा।

ट्रंप ने हालांकि कहा कि उनका प्रशासन उन संघीय इमारतों की रक्षा करेगा जो प्रदर्शनकारियों के कारण खतरे में होंगी।

ट्रंप ने कहा कि नोएम को दिए निर्देशों के अलावा उन्होंने ‘‘आईसीई (आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन) और अमेरिकी सीमा गश्ती बल को संघीय सरकार की संपत्ति की सुरक्षा करते समय बहुत कठोर रहने’’ का भी निर्देश दिया है।

ट्रंप प्रशासन ने वाशिंगटन, लॉस एंजिलिस, शिकागो और पोर्टलैंड सहित कई डेमोक्रेट क्षेत्रों में नेशनल गार्ड या संघीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों को तैनात किया है जिसके कारण उसे आलोचना झेलनी पड़ी है। (एपी)


अन्य पोस्ट