अंतरराष्ट्रीय
-सोफ़िया फ़रेरा सैंटोस
ग़ज़ा पट्टी में शनिवार को इसराइली हवाई हमलों में कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है. ग़ज़ा के स्थानीय प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है.
हमास की सिविल डिफ़ेंस एजेंसी का कहना है कि मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. एजेंसी ने ये भी कहा है कि ख़ान यूनिस के दक्षिणी इलाके में विस्थापित लोगों के टेंट पर हेलिकॉप्टर से हमला किया गया.
फ़लस्तीनियों ने इन हमलों को संघर्ष विराम का दूसरा चरण लागू होने के बाद से सबसे भारी हमला बताया है, जो इस महीने की शुरुआत में लागू हुआ था.
इसराइली सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि शुक्रवार को 'हमास की ओर से संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन' किए जाने के जवाब में कई हमले किए गए हैं.
इसराइल और हमास दोनों ने एक-दूसरे पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है.
इसराइल और हमास के बीच संघर्ष की शुरुआत सात अक्तूबर 2023 को हुई, जब हमास के लड़ाकों ने इसराइल में हमला किया था. इन हमलों में करीब 1200 लोग मारे गए थे और हमास ने 251 लोगों को बंधक बना लिया था.
हमास के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उसके बाद से ग़ज़ा में इसराइल की ओर से चलाए गए सैन्य अभियान में 71,660 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
हमास के स्वास्थ्य विभाग का ये भी कहना है कि 10 अक्तूबर 2025 को संघर्ष विराम लागू होने के बाद से कम से कम 509 फ़लस्तीनी मारे गए हैं. वहीं चार इसराइली सैनिकों की भी मौत हुई है. (bbc.com/hindi)


