अंतरराष्ट्रीय

भारत ने अमेरिका को ‘नुकसान’ पहुंचाया, अब कर रहा शून्य-शुल्क की पेशकश: ट्रंप
04-Sep-2025 10:37 AM
भारत ने अमेरिका को ‘नुकसान’ पहुंचाया, अब कर रहा शून्य-शुल्क की पेशकश: ट्रंप

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क/ वाशिंगटन, 3 सितंबर। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत की वजह से अमेरिका को व्यापार में 'नुकसान' उठाना पड़ा है लेकिन उच्च सीमा शुल्क लगाए जाने के बाद भारत ने अब ‘शून्य शुल्क’ की पेशकश की है।

ट्रंप ने मंगलवार को रेडियो शो ‘द स्कॉट जेनिंग्स शो’ पर बातचीत में कहा, ‘‘भारत हमारे खिलाफ शुल्क लगाता है। चीन हमारे खिलाफ बहुत शुल्क लगाता है। ब्राजील भी ऐसा करता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत सबसे अधिक शुल्क लगाने वाला देश रहा है। लेकिन अब उन्होंने मुझे भारत में शून्य शुल्क की पेशकश की है।

ट्रंप ने पिछले महीने भारतीय उत्पादों के आयात पर 25 प्रतिशत शुल्क और रूसी तेल की खरीद जारी रखने पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा की थी। इस तरह 27 अगस्त से भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में कुल 50 प्रतिशत शुल्क लग रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि उन्हें शुल्क लगाने की प्रक्रिया और उसके प्रभाव को लेकर दुनिया में सबसे अच्छी समझ है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं शुल्क को दुनिया के किसी भी दूसरे व्यक्ति से कहीं बेहतर समझता हूं। मेरे शुल्क लगाने के बाद वे अपने शुल्क को घटा रहे हैं। भारत तो सबसे अधिक शुल्क लगाने वाला देश रहा है। और अब भारत में कोई भी शुल्क न लगाने की पेशकश मेरे सामने की गई है।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘अगर मैंने शुल्क नहीं लगाए होते तो वे कभी ऐसा प्रस्ताव नहीं रखते। आपको शुल्क लगाने ही होते हैं। इस तरह हम आर्थिक रूप से सशक्त बनने जा रहे हैं।’’

उन्होंने बाद में व्हाइट हाउस में संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि भारत के साथ अमेरिका के संबंध अच्छे हैं लेकिन यह रिश्ता लंबे समय तक 'एकतरफा' ही रहा क्योंकि अमेरिका पर भारत ‘भारी शुल्क’ लगाता रहा।

भारत पर लगाए गए उच्च शुल्क में कुछ कटौती की संभावना के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, ‘‘भारत से हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं लेकिन वर्षों तक यह रिश्ता एकतरफा रहा। भारत हम पर दुनिया में सबसे ज्यादा शुल्क लगाता था और यही वजह रही कि हमारा व्यापार वहां नहीं हो रहा था।’’

ट्रंप ने कहा कि भारत की ओर से लगाए गए शुल्कों की वजह से अमेरिकी कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल पर 200 प्रतिशत शुल्क होने के कारण अमेरिकी कंपनी को भारत में संयंत्र लगाना पड़ा था।

उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से पहले कोई शुल्क नहीं लगाया गया था लेकिन भारत अपने उत्पाद अमेरिकी बाजार में भेजता रहा, जिससे घरेलू उत्पादन प्रभावित हुआ।

भारत ने ट्रंप प्रशासन की तरफ से लगाए गए उच्च शुल्क को ‘अनुचित और असंगत’ बताते हुए कहा है कि किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह वह भी अपने राष्ट्रीय हित और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिये जरूरी कदम उठाएगा।

वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच वस्तु व्यापार 131.8 अरब डॉलर रहा था जिसमें भारत ने 86.5 अरब डॉलर का निर्यात किया था जबकि अमेरिका से उसका आयात 45.3 अरब डॉलर रहा था। (भाषा)


अन्य पोस्ट