गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 19 मई। जशपुर के विक्रम किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दुकान का ताला तोडक़र लगभग 1 लाख रुपये कीमत का राशन और खाद्य सामग्री चोरी कर ली थी।
पुलिस के अनुसार 10 मई को किराना व्यापारी विक्रम ताम्रकार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8-9 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान से रिफाइंड तेल, चावल और अन्य खाद्य सामग्री चुरा ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
चोरी का सामान झारखंड के गुमला जिले के एक दुकानदार को बेचा गया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में रिफाइंड तेल, चावल, सरसों तेल, साबुन, सिगरेट, बिक्री से प्राप्त नकद (1005 रुपये) और घटना में प्रयुक्त ऑटो (क्रमांक जेएच-07-र्ई-7736) जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला, नवाजिश खान सभी निवासी जशपुर), अमृत लाल केरकेट्टा निवासी झारखंड - चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि अपराध में संलिप्त अन्य अपराधियों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


