गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 21 फरवरी । वनमंडल में तेन्दूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 की तैयारी तेज हो गई है। इसी के तहत जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित, गरियाबंद ने स्थानीय ऑक्शन हॉल में जिला स्तरीय शाखकर्तन (बूटा कटाई) प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला यूनियन अध्यक्ष कल्याण सिंह कपिल और प्रबंध संचालक सह वनमंडलाधिकारी शशिगानंदन के. की मौजूदगी में हुई। प्रशिक्षण के दौरान उप प्रबंध संचालक नदीम कृष्ण बरिहा ने अधिकारियों को बताया कि अच्छी गुणवत्ता के तेन्दूपत्ते के लिए बूटा कटाई जरूरी प्रक्रिया है। इससे पत्तों की संख्या बढ़ती है और आकार-रंग बेहतर होता है। शाखकर्तन के 40-50 दिन बाद उत्तम पत्ते मिलते हैं।
कार्यशाला में यह निर्णय लिया गया कि देवभोग परिक्षेत्र में 22 फरवरी से और जिले के अन्य परिक्षेत्रों में 28 फरवरी से शाखकर्तन कार्य शुरू किया जाएगा।
उप प्रबंधक अतुल श्रीवास्तव ने बूटा कटाई के दौरान सावधानियां बरतने और समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जंगलों को आग से सुरक्षित रखने के लिए सतर्कता बरतने की अपील की।
कार्यक्रम में वनमंडल के उप वनमंडलाधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी, प्रबंधक, पोषक अधिकारी और फड़मुंशी मौजूद रहे।


