गरियाबंद

क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दास्त नहीं -प्रखर चंद्राकर
21-Feb-2026 4:15 PM
क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दास्त नहीं -प्रखर चंद्राकर

 पंचायतों में आवास , मनरेगा व निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 21 फरवरी। जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक ली। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण तथा स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सीईओ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एक महत्वाकांक्षी योजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ एवं एसडीओ को निर्देश दिए कि आवास निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा मैदानी अमला सतत ग्राम भ्रमण कर हितग्राहियों को समय पर आवास पूर्ण कराने हेतु प्रेरित करे। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों को पीएम आवास की प्रथम किस्त जारी हो चुकी है, उनके आवास निर्माण कार्य 28 फरवरी तक प्रारंभ हो जाएं तथा जियो टैगिंग सरपंच, सचिव, पंच और हितग्राही की उपस्थिति में ही की जाए। साथ ही जनमन के सभी आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत जियो टैगिंग कार्य तत्काल पूर्ण करने और सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

मनरेगा योजना के तहत समय पर ई-केवाईसी पूर्ण करने, वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को युक्तधारा पोर्टल में दर्ज करने तथा स्वीकृत कार्यों की पूर्णता 15 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मनरेगा से स्वीकृत आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ कराने और गुणवत्ता पूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी सहायकों को निर्देशित किया गया। बैठक में जनपद पंचायत सीईओ, एसडीओ आरईएस, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मनरेगा के जिला व जनपद स्तर के अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक, तकनीकी सहायक, सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट