गरियाबंद

पति की दीर्घायु के लिए रखा वट सावित्री व्रत
27-May-2025 4:36 PM
पति की दीर्घायु के लिए रखा वट सावित्री व्रत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 27 मई। नगर सहित अंचल में हिंदू संस्कृति, आस्था और समर्पण का प्रतीक वट सावित्री पर्व पर सुहागिन महिलाओं ने पति के दीर्घायु की कामना को लेकर सोमवार को व्रत रखा। महिलाएं वट वृक्ष पर कच्चा धागा बांधकर वृक्ष की परिक्रमा की। वहीं पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य के लिए यमराज से प्रार्थना की। इस बार व्रत को लेकर नवविवाहिताओं में विशेष उत्साह देखा गया। नई-नवेली दुल्हनों ने सोलह श्रृंगार कर पूरे विधि-विधान से पूजा की। नगर की गलियों में सजी-धजी महिलाओं की चहल-पहल दिनभर बनी रही। महिलाएं रंग-बिरंगी साडिय़ों में सजकर सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं। इसके बाद पूजा अर्चना करने के बाद सामूहिक रूप से बैठकर कथा भी सुने। 

 

महिलाओं ने बताया कि प्राचीन काल में माता सावित्री के प्रेम और तप से सत्यवान की मृत्यु टल गई। वह बरगद के पेड़ के नीचे कठोर तपस्या कर भगवान यम को प्रसन्न कर पाई थी। तभी से महिलाएं सावित्री की तरह अपने पति की लंबी उम्र के लिए वट सावित्री व्रत करती हैं और वट वृक्ष की पूजा करती हैं, जो दीर्घायु और अटल प्रेम का प्रतीक माना जाता है।


अन्य पोस्ट