गरियाबंद

गरियाबंद में चुनाव प्रचार के दौरान अटैक, विधायक रोहित ने दी श्रद्धांजलि
राजिम, 3 फरवरी। छत्तीसगढ़ी फि़ल्म अभिनेता एवं छत्तीसगढ़ फि़ल्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष राजेश अवस्थी का निधन हो गया है।
बताया जा रहा है कि गरियाबंद में चुनाव प्रचार के दौरान अचानक सीने में दर्द हुआ, उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके निधन पर छत्तीसगढ़ में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार को राजेश अवस्थी भाजपा के समर्थन में डोर टू डोर प्रचार में लगे थे। कार्यक्रम के बाद वे रात 11 बजे अपने मित्रों के साथ रुके थे, तभी अचानक सीने में दर्द उठने पर उन्हें गरियाबंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई गई है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है।
उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, संगठन महामंत्री पवन साय, रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर सहित फिल्म और राजनीतिक जगत के दिग्गजों ने गहरा शोक व्यक्त किया।
विधायक ने दी श्रद्धांजलि
सोमवार को राजेश के पार्थिव शरीर को रायपुर ले जाया गया। इस दौरान राजिम के पं. सुंदरलाल शर्मा चौक पर विधायक रोहित ने श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक रोहित ने कहा, राजेश भाई के साथ मेरा संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक था। वे मेरे छोटे भाई समान थे और उनका जाना हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। यह सच में विश्वास करने के काबिल नहीं है कि वे इतनी जल्दी हमें छोड़ गए।