गरियाबंद

गाय पवित्रता, समृद्धि और मातृत्व का प्रतीक है
08-Jan-2025 3:36 PM
गाय पवित्रता, समृद्धि और मातृत्व का प्रतीक है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-फिंगेश्वर, 8 जनवरी।
छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति जागृति मंडल रायपुर के द्वारा विद्यार्थियों के बीच गौ माता के श्रद्धा भाव जागृत करने एवं गौ वंश संवर्धन सुरक्षा हेतु व्यापक जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली में गौ विज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। 

इस अवसर पर गौ संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संस्था के प्राचार्य पूरनलाल साहू ने कहा कि भारतवर्ष में जब से सभ्यताएं विकसित हुए हैं उस कालखंड से ही गौ माता को विशिष्ट स्थान प्राप्त है। गाय का दूध, दही, घी ही नहीं अपितु गोबर और गोमूत्र भी काफी उपयोगी है। उन्होंने कहा कि गाय हिन्दू त्याहारों और अनुष्ठानों का एक अभिन्न अंग है। जिस घर में गाय होती है उस घर का वातावरण बहुत पवित्र होता है। गाय को पवित्रता, समृद्धि एवं मातृत्व का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान संस्था के प्राचार्य पूरन लाल साहू, समाजसेवी तेजराम साहू (गौ विज्ञान प्रभारी) व्याख्याता दिनेश कुमार साहू, विनय कुमार साहू, नरेंद्र कुमार वर्मा, रेखा सोनी, गीतांजली नेताम, संतोषी गिलहरे आदि उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट