गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 3 जनवरी। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू की अनुशंसा एवं निरंतर प्रयासों से क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। कोपरा से पोखरा मुख्य मार्ग की बहुप्रतिक्षित चौड़ीकरण की मांग भी अब विधायक रोहित साहू के प्रयासों से पूरी होने जा रही है। 26.20 किमी लम्बी इस मार्ग के लिए छग शासन लोक निर्माण विभाग से 70 करोड़ 14 लाख 41 हजार रूपये की स्वीकृति मिली है।
क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब विधायक रोहित साहू के विकासपरक सोच से फलीभूत होने जा रही है। इस मार्ग के बनने से कोपरा, मुड़तराई, जेंजरा, देवरी, कौंदकेरा, रामनगर, बहेरापाल, बोरसी, बासीन व पोखरा के ग्रामीणों को आवागमन में सीधा लाभ होगा तथा यह मार्ग गरियाबंद जिले को महासमुंद जिले से सीधे जोड़ेगी जिसका लाभ उपरोक्त गाँवों के अलावा गरियाबंद व महासमुंद जिले के अनेक गाँवों के लोगों को मिलेगा। इसके साथ ही 03 किमी लम्बी कोमा से पिपरछेड़ी विधायक ग्राम पहुंच मार्ग निर्माण के लिए भी 4 करोड़ 42 लाख 92 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति विधायक रोहित साहू के प्रयासों के मिली है।
इन मार्गों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक रोहित साहू के प्रति व विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार प्रकट किया है। इसके साथ ही 68 विभिन्न विकास कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति मिली है। राजिम विधानसभा क्षेत्र में जब से रोहित साहू विधायक बने हैं तब से लगातार वे विकास कार्यों के लिए प्रयासरत हैं और निरंतर विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान कर क्षेत्रवासियों को लाभान्वित कर रहे हैं।
इसी क्रम में छग शासन मंडी (बोर्ड) विकास निधि से 68 विकास कार्यों की स्वीकृति राजिम विधानसभा के विभिन्न गाँवों के लिए की गई है जिसकी कुल लागत राशि 6 करोड़ 65 लाख रूपये है।
इन विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश में विकास करने वाली भाजपा की सरकार है जहाँ विकास कार्यों के लिए अब धन की समस्या आड़े नहीं आएगी। दलगत भावना से उठकर सभी गांवों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं जहाँ हमें अपेक्षाकृत कम वोट मिले थे उन गाँवों में भी विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहेगी। किसी भी गांव में शासन द्वारा संचालित योजनाओं से कोई व्यक्ति अछूता न रहेगा यह सरकार का मुख्य उद्देश्य है और इसके लिए हम प्रयासरत भी हैं।