गरियाबंद

देश में घरों के बंद दरवाजों के पीछे लोगों को प्रताडि़त किया जा रहा है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 17 दिसंबर। कंसारी महिला संगठन कसेर समाज नवापारा के द्वारा महिला सुरक्षा कानून जानकारी एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में उप निरीक्षक सुनील कश्यप, सहायक उप निरीक्षक गुलाब सिन्हा, आरक्षक विजय साहू, महिला प्रधान आरक्षक निम्मी साहू, महिला प्रधान आरक्षक अंजली बारले के अलावा कंसारी समाज के सहदेव कंसारी, कलिदान, बाबूलाल साव, राजकुमार, तरुण, बलराम सारस, अशोक भारद्वाज, गोविंदा, गोपाल, संतोष कंसारी, तुकाराम कंसारी मौजूद थे।
इस अवसर पर महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए पुलिस कर्मियों की टीम ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, प्रताडऩा, दहेज, बाल विवाह, बाल अपराध, यौन उत्पीडऩ, बेटियों की सुरक्षा और सुनसान स्थान पर अपनी सुरक्षा से संबंधी कानूनी जानकारी दी। कहा कि आज के समय में अपनी सुरक्षा के लिए जागरुक और सतर्क रहना बहुत जरुरी हैं। महिलाओं को कानूनी जानकारी रखना बेहद जरुरी है। साइबर क्राइम संबंधित इंटरनेट, ऑनलाइन धोखाधड़ी, चोरी, जासूसी, वायरस और अन्य अपराधों की जानकारी दी। साथ ही ऐसी घटना होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की बात कही।
सभ्य समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं
घरेलू हिंसा के जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू हिंसा दुनिया के लगभग हर समाज में मौजूद है। शारीरिक शोषण, भावनात्मक शोषण, मनोवैज्ञानिक दुर्व्यवहार या वंचितता, आर्थिक शोषण, गाली-गलौज, ताना मारना आदि हिंसा में शामिल है। बताया कि सभ्य समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। हमारे देश में घरों के बंद दरवाज़ों के पीछे लोगों को प्रताडि़त किया जा रहा है। कहा कि सभी को अपने मोबाईल में सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कर विभिन्न प्रकार के अपराध एवं कानून की जानकारी ले सकता है।
इस अवसर पर प्रतिभावान विद्यार्थियों दसवीं में प्रथम -दिशा, शुभम, रेणुका कंसारी तथा बारहवीं में प्रथम शिवम, आकाश कंसारी को शिक्षा समिति द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों को महिला संगठन समिति एवं शिक्षा विकास समिति के सदस्यों द्वारा प्रतीक चिन्ह, श्रीफल, साल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महिला संगठन की अध्यक्ष सरोज कंसारी एवं आभार प्रदर्शन समाज संगठन उपाध्यक्ष कलिदान कंसारी ने किया।