गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 9 सितंबर। ग्राम कोलियारी के नवयुवक संगठन द्वारा तीज पर्व के अवसर पर तिजहारिनों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर देवांगन ने कहा कि तीजा पर्व, छत्तीसगढ़ की सुहागिन महिलाओं का सबसे बड़ा पर्व है, जिसमें महिलाएं अपने मायके जाकर अपने सुहाग की रक्षा के लिए निर्जला व्रत धारण करती हैं। वास्तव में हम पुरुषों की सलामती का सबसे प्रमुख कारण हमारी पत्नियां हैं, जिनके व्रत, तप और त्याग के चलते भगवान हमें बार-बार अभयदान देते रहते हैं। पुरुष जीवन के कितने भी ऋणों से मुक्ति पा ले, लेकिन स्त्री ऋण से मुक्ति नहीं पा सकता क्योंकि स्त्री उसे, मां, बहन, बेटी, पत्नी, बहू आदि रूप में उपकृत करती रहती है।
देवांगन ने कहा कि हर सुहागिन महिलाएं तीज पर्व का साल भर इंतजार करती है। क्योंकि इस बहाने उसे अपने मायके जाने का अवसर मिलता है, जहां वह अपने मायके परिवार के लोगों, सहेलियों, अपने गांव के बुजुर्गों से मिलती है, साथ ही गांव में विवाह पूर्व बीते अपने जीवन के अमूल्य क्षणों को समेटने का भी प्रयास करती है।
यह बड़ी खुशी की बात है कि नवयुवक संगठन कोलियारी द्वारा तिजहारिनों के सम्मान में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन कर, उन्हें कुछ घंटों के लिए विवाहित जीवन के दैनिक तामझाम से दूर रख खेलकूद करने का आनंद लेने का अवसर प्रदान किया गया। इससे तिजहारिनों के तीजा पर्व का उत्साह दुगुना हो गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जगमोहन चक्रधारी, मन्नू चक्रधारी, गोपी चक्रधारी, गजेंद्र चक्रधारी, रविकुमार निषाद, अमितेश चक्रधारी, पवन चक्रधारी, वीरेंद्र यादव, हेमराज चक्रधारी, पोखराज चक्रधारी, तिजेश्वर चक्रधारी, देवलाल चक्रधारी, प्रवीण चक्रधारी, पुनाराम चक्रधारी, मुकेश चक्रधारी, लुकेश चक्रधारी, मोहित चक्रधारी, अमन चक्रधारी, रवि चक्रधारी, श्रीराम चक्रधारी, सनत चक्रधारी, सचिन चक्रधारी, किशन चक्रधारी आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी व तीजहारिन बहने मौजूद थी।