गरियाबंद

एक पेड़ मां के नाम भाजपाइयों ने किया पौधारोपण
14-Jul-2024 4:56 PM
एक पेड़ मां के नाम  भाजपाइयों ने किया पौधारोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 14 जुलाई।  वन  विभाग परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें फलदार और छायादार पौधे लगाए गए।

दरअसल, लगातार बढ़ रही वृक्षों की कटाई से पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है और तापमान में वृद्धि हो रही है, इसलिए पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ कर एक-एक पेड़ लगाने की अपील की थी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष दुलार सिन्हा भाजपा जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भी पौधारोपण किया। इस दौरान दुलार सिन्हा ने कहा कि पर्यावरण की सुख और समृद्धि के लिए समर्पित इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल की अनूठी उपलब्धि  मानता हूं। प्रत्येक देशवासी से अपने मां के प्रति सम्मान स्वरूपा कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील करता हूं।

योगेश शर्मा ने कहा प्रधानमंत्री की एक पेड़ मां के नाम मार्मिक अपील ने देशवासियों के दिलों को छू लिया और देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों के बीच अपने मां के प्रति अपने सम्मान की अभिव्यक्ति के रूप में पौधे रोपित करने की होड लग गई है।

युवा मोर्चा के महेश कश्यप ने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने के लिए पेड़ पौधे लगाना जरूरी है। धरती को हरा- भरा करने एवं जीवन को बचाने के लिए सबको पौधारोपण का संकल्प लेते हुए एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। वृक्षों की संख्या जितनी ज्यादा बढ़ेगी लोगों को उतनी ही गर्मी से राहत मिलेगी।

 इस दौरान पत्रकार संघ अध्यक्ष मोहन सिंह कुशवाह ने कहा कि सभी लोग एक पेड़ अपनी मां के नाम पर जरुर लगाएं, क्योंकि दुनिया में सबसे अनमोल रिश्ता मां से होता है। हम सबके जीवन में मां का दर्जा सबसे ऊंचा होता है। मां हर दुख सहकर अपने बच्चे का पालन-पोषण करती है।


अन्य पोस्ट