गरियाबंद

कांग्रेस और नक्सलियों का आपस में इलू-इलू-हिमंत बिस्वा
15-Nov-2023 3:08 PM
कांग्रेस और नक्सलियों का आपस में इलू-इलू-हिमंत बिस्वा

असम के सीएम की आमसभा, कहा-भाजपा का घोषणा पत्र मोदी की गारंटी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 15 नवंबर।
मंगलवार को राजिम के सर्कस मैदान में भाजपा के स्टार प्रचारक एवं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र पूरी तरह मोदी की गारंटी है। जिसकी गारंटी पूरे विश्व में चल रही है। इस बार छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार आ रही है, इसमें कोई संदेह नहीं है।

सीएम हिमंत बिस्वा ने सभा कि शुरुवात में जनता से कहा कि मेरी हिन्दी कच्ची पक्की है आप लोग बस समझ लेना। इसके बाद उन्होंने भूपेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले चरण का चुनाव कांग्रेस हार रही है ये जान कर भूपेश बघेल बौखाला गए हैं। इसलिए कांग्रेस घोषणा पत्र जारी होने के बाद भी घोषणा कर रही है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को ढाई साल का सीएम होना था और ढाई साल टीएस सिंहदेव को रहना था। लेकिन भूपेश बघेल 5 साल सीएम बने रहे। फिर ढाई साल का एक्सटेंशन कैसे मिला? एग्रीमेंट क्या हुआ? बिना कुछ लेनदेन के हो गया क्या? कहा कि भूपेश सरकार बार-बार घोटाला कर रहे हैं। कोयला, शराब, गोबर से लेकर महादेव तक को नहीं छोड़ा। महादेव एप के नाम से 508 करोड़ का लेनदेन हो गया। भगवान महादेव आप को छोड़ेंगे नहीं।

500 नहीं दे सके वो 15000 कहां से देंगे

सीएम हिमंत बिस्वा ने कांग्रेस के गृह लक्ष्मी योजना की घोषणा पर कहा कि कांग्रेस ने 2018 का वादा आज तक निभाया नहीं। जो 500 नहीं दे सकता है वह सालाना 15 हजार रुपये कहां से दे पाएगा। उन्होंने कहा कि असम में, मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार माताओ बहनों को 1250 रु प्रतिमाह दे रही है। छत्तीसगढ़ मे बीजेपी की सरकार बनते ही 1000 रु महीना माताओं के खाते मे आना शुरू हो जाएगा। ये मोदी की गारंटी है। कांग्रेस ने किसी महिला समूह का कर्जा माफ किया नहीं है वो फिर से घोषणा कर रहे है। सीएम बिस्वा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में बौखलाहट दिख रही है। प्रधानमंत्री आवास का पैसा छत्तीसगढ़ से वापस भेज दिया गया, क्योंकि योजना के नाम मे प्रधानमंत्री था। कांग्रेस केवल हमारे घोषणा पत्र को कॉपी कर रही है। भूपेश जी अपने आप को स्मार्ट समझते है। हमने 3100 धान कहा तो वो 3200 कर दिए लेकिन 20 क्विंटल को 21 क्विंटल करना भूल गए।

राहुल गांधी आज तक राम लला के दर्शन करने नहीं गए

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिना राम मंदिर संभव नहीं था। अगर मोदी जी नहीं होते तो मंदिर बाबरी मस्जिद ही कहलाता। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने इस पर कोई पहल नहीं की। राहुल गांधी, सोनिया गांधी आज तक अयोध्या के राम मंदिर नहीं गए जबकि बाकी मंदिरों मे जाते रहते है। क्यों कि राम मंदिर दर्शन करने से अकबर और बाबर नाराज हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी के हाथों 22 जनवरी को रामलला की स्थापना मंदिर में होगी। हम सभी को रामलला के दर्शन करने जाना है।

मैंने छत्तीसगढ़ के कवर्धा मे अकबर के बारे मे बोला तो कांग्रेसीयो ने शिकायत कर दिया जबकि मैं राहुल के और प्रियंका के बारे मे बोलता हूं तो शिकायत नहीं। आप लोगों का अकबर बाबर से क्या संबंध है ?

नक्सलियों के साथ सरकार की इलू-इलू

भाजपा नेताओं की लगातार हत्या का जिक्र करते हुए सरकार पर नक्सलियों के साथ साठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और नक्सलीयो के बीच मे ईलू-ईलू है। इसलिए यहाँ की भूपेश सरकार सीआरपीएफ को गाली देती है और नक्सलियो पर कारवाही नहीं करती है। छत्तीसगढ़ रोहिंग्या लोगों की शरण स्थली बन गई है। लगातार धर्मांतरण हो रहे है फिर भी काँग्रेस सरकार कारवाही नहीं कर रही है। उपस्थित जनता को सीएम बिस्वा ने माता कामाख्या दर्शन के लिए असम आने का न्यौता भी दिया और बोले कि पूरी खातिरदारी की जवाबदारी मेरी होगी। 

इसके पूर्व सभा को महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्वेता शर्मा आदि ने संबोधित किया।


अन्य पोस्ट