गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 25 अगस्त।। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरे देश के विभिन्नों जिलों व तहसीलों में भारत जोड़ो पदयात्रा अभियान का शुभारंभ हो रहा है इसी कड़ी में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभनपुर जनपद के पूर्व सभापति टिकेन्द्र सिंह ठाकुर ने भारत जोड़ो पदयात्रा स्वागत करते हुए कहा कि देश की अखंडता को आज जाति धर्म के नाम पर तोड़ा जा रहा है इसलिए भारत जोड़ो अभियान की आज के हालात को देखते हुए इसकी आवश्यकता जरुरी हो गई है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार व भाजपा ने हमारे लोकतंत्र, हमारे देश के संविधान, राष्ट्र की संवैधानिक संस्थाओं और हमारे समाज के सामाजिक ताने-बाने पर बार-बार और उग्र रुप से हमला किया है। केंद्र सरकार देश में महंगाई रोकने में असफल हो गई है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढऩे से आम जनता काफी प्रभावित हुई है। बेरोजगारी बढ़ रही है और युवा रोजगार की तलाश मे दर बदर भटक रहे है। टिकेन्द्र ठाकुर ने कहा कि आज देश में व्याप्त महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से जनता परेशान है और देश में जाति धर्म को लेकर साम्प्रदायिकता का माहौल बना हुआ है, जिससे आपसी भाईचारा खत्म हो रहा है। जबकि इस देश को आजादी दिलाने में सभी धर्मों का बराबर सहयोग रहा है।
आज हमें भारत जोड़ों अभियान के माध्यम से लोगों को जागरुक कर आपसी एकता बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह यात्रा देशहित में है। हम इस यात्रा को दलगत नहीं बनाएगे।’’
इस यात्रा के जरिये बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। टिकेन्द्र ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है वहां इनका तोता सीबीआई, ईडी, आईटी अन्य सभी राजनीतिक दलों को परेशान कर रहा है, जिसे देश की जनता देख रही है।