दुर्ग
दुर्ग, 12 मार्च। घर में अकेली किशोरी को पाकर उसके साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ देने वाले आरोपियों को कोर्ट ने सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश अविनाश के. त्रिपाठी ने दोनों आरोपियों को पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत तीन-तीन वर्ष कारावास, दो-दो हजार रुपए अर्थदण्ड तथा धारा 323 के तहत एक-एक वर्ष कारावास, एक-एक हजार रुपए अर्थदण्ड से दंडित किया है। दोनों सजायें साथ-साथ चलेगी।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी। थाना भट्टी क्षेत्र में किशोरी पीडि़ता घर के सामने आंगन में अकेली 23 मई 2018 की सुबह बैठी हुई थी। उसकी मां काम पर चली गई थी। इस दौरान मोहल्ले के ही आरोपी दुरना सोना (24) तथा चंद्रशेखर उर्फ सोनू चंद्राकर (24) वहां पहुंचे। दोनों किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने लगे। जब किशोरी ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए थे।