दुर्ग
रायपुर से दुर्ग जाने वाला ओवरब्रिज मार्ग वन-वे, भारी वाहन सर्विस रोड पर डायवर्ट
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 19 नवंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सुपेला ओवरब्रिज पर सस्पेंशन मरम्मत कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन किया गया है। आज प्रात: 6 बजे से शुरू हुए इस मरम्मत कार्य के दौरान रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाला सुपेला ओवरब्रिज मार्ग पूरी तरह वन-वे रहेगा। नई व्यवस्था के तहत छोटे चार पहिया एवं अन्य हल्के वाहनों का आवागमन निर्धारित ओवरब्रिज मार्ग से ही सुचारू रूप से जारी रहेगा, जबकि भारी वाहनों को ब्रिज पर जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी भारी वाहनों को मजार के पास से सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जो आगे प्रदर्शनी परिसर के पास पुन: नेशनल हाईवे में प्रवेश करेंगे।
यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से इस अस्थायी बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। पुलिस ने चालकों से कार्यस्थल के पास अनावश्यक रूप से न रुकने, जल्दबाजी और ओवरटेक करने से बचने को कहा है। साथ ही, भारी वाहन चालकों को सख्ती से केवल निर्धारित सर्विस रोड का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो और आवागमन सुरक्षित व सुगम बना रहे।