दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 अक्टूबर। श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदेय नवरात्र पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह समिति का 59वां वर्ष है, जिससे मां जगदम्बा की प्रतिमा सहित स्थल पर मनोरम झांकी लाइट की साज सज्जा देखते ही बनती है।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति द्वारा श्रद्धालु के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है जो पूर्णत: निशुल्क है। 14 अक्टूबर रात्रि 8 30 बजे अंजोर लोक कला मंच स्वर्णा दिवाकर गरिमा दिवाकर बहनों की शानदार छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जानी है। इस क्रम में 16 अक्टूबर रात्रि 8 30 बजे छत्तीसगढ़ी सुपर स्टार विवेक शर्मा स्टार नाइट का कार्यक्रम होने जा रहा है। समिति अपनी परंपरा का सतत् निर्वाहन करते हुए प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन कर रही है जो कि 17 अक्टूबर शनिवार रात्रि 8 30 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें आमंत्रित कवि हैं।
सुदीप भोला पैरोडी दिल्ली,अखिलेश द्विवेदी हास्य प्रयागराज,चंदन राय गीतकार मुंबई,एकाग्र शर्मा हास्य इंदौर, हिमांशु बवंडर हास्य उज्जैन, अल्पना आनंद गीत नालंदा, मयंक शर्मा ओज मंच संचालक दुर्ग अपनी कविताओं का पाठ गंज मंडी के प्रांगण में करेंगे। इन सभी आयोजन में जिले के समस्त जनप्रतिनिधि मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद सहित अधिकारीगण बतौर अतिथि अपनी उपस्थिति देंगे। समिति द्वारा माता की महाप्रसादी भंडारे का आयोजन भी रखा गया जो कि 20 अक्टूबर सुबह 12.15 बजे से आयोजित है। इसके पश्चात 21 अक्टूबर को सुबह 10 बजे माता की प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा निकाली जानी है जो गंजपारा भ्रमण कर शिवनाथ नदी तट पर समाप्त होगी।