दुर्ग

प्राण घातक हमला, आरोपियों को कारावास
10-Sep-2026 5:24 PM
प्राण घातक हमला, आरोपियों को कारावास

दुर्ग, 10 सितंबर। भाई से विवाद करने की बात पूछने से नाराज आरोपियों ने युवक पर चाकू से वार कर प्राण घातक हमला किया। आरोपियों को न्यायालय ने सजा सुनाई है। तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग यशवंत कुमार सारथी की कोर्ट ने आरोपी अमित दास मानिकपुरी एवं मोहन ढीमर उर्फ मोंटू दोनों निवासी करंजा भिलाई चौकी जेवरा सिरसा को धारा 109, 3 (5) के तहत 10 -10 वर्ष सश्रम कारावास 1-1 हजार रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 6-6 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक भावेश कटारे ने पैरवी की थी। भावेश कटारे ने बताया कि 29 जून 2025 की रात को प्रार्थी देवा ठाकुर अपने दोस्त राहुल वर्मा के साथ अपने रिश्तेदार करण ठाकुर के घर ग्राम करंजा भिलाई घूमने गया हुआ था। वहां पर उसका निखिल यादव और अमित दास मानिकपुरी के साथ विवाद हुआ था। उसके बाद देवा ठाकुर अपने घर चला गया था। 30 जून को देवा ठाकुर का भाई आशीष ठाकुर अपने एक रिश्तेदार के घर के पास खड़ा हुआ था। उसी समय आरोपी अमित दास अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पर पहुंचा। इस पर आशीष ठाकुर ने कहा कि उसने भाई देवा ठाकुर के साथ क्यों विवाद किया है। इस बात पर अमित दास मानिकपुरी और उसके साथियों ने गाली गलौज करते हुए हत्या करने की नीयत से हाथ में रखे धारदार चाकू से आशीष के पीठ, कमर एवं अन्य हिस्सों में वार कर प्राण घातक हमला किया था।  आसपास के ग्रामीणों ने उसे तुरंत इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी ले जाकर भर्ती किया था।


अन्य पोस्ट