दुर्ग

झांसा देकर 86 लाख की धोखाधड़ी
07-Sep-2026 7:39 PM
झांसा देकर 86 लाख की धोखाधड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 सितंबर।
 शेयर ट्रेडिंग में अच्छा लाभ दिलाने का झांसा देकर अज्ञात मोबाइल धारकों ने लाखों रुपए की धोखाधड़ी प्रार्थी के साथ की। प्रार्थी की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने मोबाइल धारकों के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अमित प्रसाद सडक़ नंबर 3 विराट नगर बोरसी निवासी है और वह भजन स्टील नाम से घर से स्टील ट्रेडिंग का काम करता है। उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का 23 जुलाई 2025 को फोन आया था और बताया कि हम लोग शेयर ट्रेडिंग का काम करते हैं। हम अच्छे लाभ कम पैसे में प्रदान करते हैं। उनके बताए अनुसार राठी ने जेरोधा शेयर ट्रेडिंग एप में शेयर ट्रेडिंग का काम चालू करने कहा गया था। उन लोगों ने तीन से चार लाख रुपए का लाभ भी प्रदान किया। इसके बाद आरोपियों ने एक कैपिटल मोंक के बारे में बताए जिसमें कंपनी द्वारा 25 लाख रुपए लगाकर ट्रेडिंग किया जाता है और जो भी लाभ होता है उसका 30 फीसदी सर्विस चार्ज लेकर शेष रकम को कस्टमर के खाते में डाल दिया जाता है।
एक महीने बाद प्रार्थी के कैपिटल मोंक के खाते में 2 करोड़ 29 लाख 57 हजार 460 रुपए दिखाये गए। जिसके एवज में 30 फीसदी सर्विस टैक्स के रूप में उसे 86,08,745 रुपए जमा करने कहा गया। इस पर प्रार्थी ने अलग-अलग खातों में कुल रकम 86,08,745 रुपए जमा किया। इसके बाद कैपिटल मोंक द्वारा प्रार्थी को कोई भी रकम प्रदान नहीं की गई। जब प्रार्थी ने अपनी रकम वापस मांगी तब मोबाइल धारक ने टालमटोल किया।


अन्य पोस्ट