दुर्ग

झांसा देकर करोड़ों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार
02-Sep-2026 8:14 PM
झांसा देकर करोड़ों की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 सितंबर।
शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों से 3 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कराने और करीब 2 करोड़ 90 हजार रुपये वापस नहीं करने के मामले में कोतवाली दुर्ग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रेम सागर चौक, वार्ड 06 बैगा पारा दुर्ग निवासी कृष्ण कुमार चंद्राकर (56) ने 29 अगस्त को थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रकाश सिन्हा (32) ने अपनी शेयर ट्रेडिंग कंपनी संचालित करने और उसमें रकम निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी और उसके परिवार के 10 सदस्यों ने निवेश के लिए रकम दी। आरोपी ने 24 नवंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच विभिन्न बैंक खातों से कुल 3,04,50,000 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवाए। इसमें से 1,03,60,000 रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 2,00,90,000 रुपये वापस नहीं किए गए। रकम वापस नहीं मिलने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की थी। कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरु की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।


अन्य पोस्ट