दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 अगस्त। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिना रायल्टी अवैध रूप से खनिज परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। खनिज महकमा की टीम द्वारा गत दिनों दबिश देकर की गई कार्रवाई के दौरान इसमें संलिप्त पांच वाहन पकड़े गए इन वाहनों पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के मामले में विभाग द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। कलेक्टर ने भी मामले में सख्त कार्रवाई कर इस पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी दीपक तिवारी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों अलग अलग स्थानों पर दबिश देकर जांच की। इस दौरान उतई क्षेत्र में दो एवं पाटन क्षेत्र में तीन वाहनों में बिना रायल्टी के खनिज परिवहन करना पाया गया। इन वाहनों को खनिज सहित जब्त कर संबंधित थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़े किए गए हैं।
अवैध खनिज परिवहन पकड़े गए वाहनों में एक में रेत एवं दो - दो में ईंट व गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। इन सभी के खिलाफ खनिज एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। खनिज महकमा के अधिकारियों का कहना है अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के मामले अनेक प्रकरण दर्ज किए जा चुके आगे भी इस तरह जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी