दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 25 जुलाई। पिंक पेट्रोलिंग के माध्यम से विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा जागरूकता अभियान लगातार जारी है।
दुर्ग पुलिस की पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्र के विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्र-छात्राओं और नागरिकों को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है। विद्यालय में डायल 112, आपातकालीन सेवा, महिला हेल्पलाइन तथा अभिव्यक्ति एप के माध्यम से विस्तृत जानकारी देकर आवश्यकता पडऩे पर इनका प्रभावी उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया। थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र के नारायण गुरु स्कूल के प्राचार्य द्वारा पिंक पेट्रोलिंग पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं विश्वास बढ़ाने की प्रभावी पहल बताई गई। इसी तरह पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान एवं ठेला व्यवसायियों के बीच पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया।
पुलिस द्वारा संचालित पिंक पेट्रोलिंग अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में लगातार जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही है। थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत जय पब्लिक स्कूल एवं शासकीय प्राथमिक शाला कैलाश नगर में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को डायल 112, आपातकालीन सेवा,महिला हेल्पलाइन तथा अभिव्यक्ति एप के बारे में जानकारी प्रदान की गई है।