दुर्ग

90 हुड़दंगियों को रंगे हाथों धर दबोचा
14-Jun-2026 10:06 PM
90 हुड़दंगियों को रंगे हाथों धर दबोचा

दुर्ग में एक साथ विशेष चेकिंग अभियान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 14 जून।
दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था को ताक पर रखने वाले और सार्वजनिक जगहों पर माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा मोर्चा खोल दिया है। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में रविवार को एक साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और अड्डेबाजी करने वाले 90 हुड़दंगियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों, पार्कों और बाजार क्षेत्रों में अचानक पुलिस की पेट्रोलिंग टीमों ने दबिश दी। इस औचक कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और नशेडिय़ों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई केवल आज तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में भी अपराधियों और हुड़दंगियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

सुपेला पुलिस ने की सबसे ज्यादा कार्रवाई
इस विशेष अभियान में जिले के सभी थानों ने सक्रियता दिखाई, जिसमें कार्रवाई के मामले में सुपेला पुलिस सबसे आगे रही।

थाना सुपेला क्षेत्र में सबसे ज्यादा 12 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद अंजोरा पुलिस ने 7 लोगों पर कार्रवाई की। वहीं उतई, पुरानी भिलाई, वैशाली नगर और जामुल थाना क्षेत्रों में 6-6 मामले दर्ज किए गए।

कार्रवाई का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। छावनी, पद्मनाभपुर और दुर्ग थाना क्षेत्र में 5-5 हुड़दंगियों को पकड़ा गया।

नेवई, खुर्सीपार और अंडा क्षेत्र से 4-4 मामले सामने आए। पाटन, अमलेश्वर और मोहन नगर पुलिस ने 3-3 लोगों पर शिकंजा कसा। इसके अलावा नंदिनी नगर, बोरी, रानीतराई, पुलगांव और कुम्हारी क्षेत्र में 2-2 तथा मचांदूर थाना क्षेत्र में 1 मामले पर वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस तरह पूरे जिले में कुल 90 प्रकरण दर्ज किए गए। इस बड़े एक्शन को सफल बनाने में जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, पेट्रोलिंग स्टाफ और विशेष पुलिस टीमों की भूमिका सराहनीय रही।

पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करे और न ही अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दे। अगर आस-पास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक गतिविधि नजर आती है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सके।


अन्य पोस्ट