दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 मई। दुर्ग पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की सतत चेकिंग सुनिश्चित करने कहा गया। बीट प्रभारियों को प्रतिमाह और थाना प्रभारियों को प्रत्येक तीन माह में सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक को नियमित रूप से एबी नोटबुक संधारित करने कहा गया।
स्थायी वारंटियों पर सख्ती, थानों में लगेगी फोटो सूची
पुलिस अधिकारियों को स्थायी वारंटियों की तामीली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वारंटियों की सूची एवं फोटो थानों में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने और थाना व पेट्रोलिंग स्टाफ के संपर्क नंबर आम लोगों तक पहुंचाने कहा गया। वारंटियों की सूचना देने वालों के लिए इनाम योजना का प्रचार-प्रसार करने भी निर्देशित किया गया।
15 दिन में पुराने मामलों के निराकरण का लक्ष्य
क्राइम मीटिंग में पुराने लंबित आपराधिक प्रकरणों का 15 दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया। वहीं सन 2000 से लंबित खात्मा और खारिजी प्रकरणों को न्यायालय से स्वीकृत कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने निर्देश दिए गए।
दुर्घटनाओं में जब्त वाहनों के सुपुर्दनामे पर जोर
दुर्घटनाओं में जब्त वाहनों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत वाहन स्वामियों को सुपुर्दनामे और हिफाजतनामे पर सौंपने की प्रक्रिया तेज करने कहा गया। साथ ही प्रत्येक थाने में मालखाना रिकॉर्ड अपडेट रखने और जप्त माल की जानकारी नियमित रूप से संधारित करने निर्देश दिए गए।
फरियादियों से सम्मानजनक
व्यवहार के निर्देश
बैठक में थाना आने वाले फरियादियों एवं पीडि़तों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनने और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने तथा विभागीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
प्रशासनिक रिकॉर्ड और एसीआर अपडेट करने के निर्देश
सभी थानों में शासकीय संपत्तियों का रिकॉर्ड अद्यतन रखने, भवनों की वर्तमान स्थिति रजिस्टर में दर्ज करने और सउनि से निरीक्षक स्तर तक अधिकारियों की एसीआर इसी माह ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए।


