दुर्ग
अजय भसीन समेत कई शामिल हुए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 मई। लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय व्यापारिक सम्मेलन में देशभर के व्यापारी संगठनों ने भाग लिया। इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की टीम प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में शामिल हुई। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को एकजुट कर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु राष्ट्रीय स्तर पर ठोस मंच तैयार करना था।
कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी व्यापारी मंच के गठन का निर्णय लिया गया, जो पूरे भारत स्तर पर कार्य करेगा। इस मंच में विभिन्न व्यापारी संगठनों को जोड़ा जाएगा ताकि व्यापारियों की आवाज़ सीधे केंद्र सरकार तक पहुँच सके। इस पहल में प्रमुख रूप से स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान के संयोजक सतीश जी ने अपनी बात रखते हुए सभी संगठनों से आह्वान किया कि वे एक मत से इस मंच में प्रतिनिधित्व करें।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि आज की आवश्यकता है कि सभी व्यापारी संगठन एक छत के नीचे आएं और केवल समस्याओं को उठाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके समाधान तक साथ चलें। इस विचार को सम्मेलन में व्यापक समर्थन मिला। साथ ही, छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह का व्यापारिक सम्मेलन आयोजित करने की योजना पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि यह मंच राषट्रीय स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं को केंद्र तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगा। मंच का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों और तकनीक को बढ़ावा देना तथा युवाओं को व्यापार क्षेत्र से जोडऩा है। इसके माध्यम से सरकार को यह सुझाव भी दिए जाएंगे कि किस प्रकार व्यापारियों को सरलता प्रदान कर राजस्व बढ़ाया जा सकता है।
सम्मेलन में भिलाई चेम्बर भी सक्रिय रूप से शामिल रहा। इस मुहिम में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बी.सी. भरतिया को संयोजक और संदीप बंसल जी को सह-संयोजक बनाया गया है। व्यापार कल्याण बोर्ड भी इस पहल में सहयोग करेगा।
इस कार्यक्रम में चिन्ना राव, सुनिल मिश्रा,निरंकार सिंह, मनोहर कृष्णानी, गौरव मोंगिया,विजय मिश्रा व पदाधिकारी उपस्थित थे।


