दुर्ग

बड़े भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
12-May-2026 3:52 PM
बड़े भाई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 मई
। एचएससीएल कॉलोनी में हुए घरेलू विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। भिलाई नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी ने लोहे के रापा से हमला करके अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। घटना में गंभीर रूप से घायल अशोक यादव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया परंतु डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि 10 मई को भिलाई नगर क्षेत्र अंतर्गत माया नगर एचएससीएल कॉलोनी में दो सगे भाइयों के मध्य घरेलू बात को लेकर जमकर विवाद हो गया। इस पर दोनों भाइयों के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी मनोज यादव ने अपने बड़े भाई अशोक यादव पर घर में रखे धारदार लोहे के रापा से सिर एवं कनपटी में हमला किया, जिससे अशोक यादव गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां से हायर ट्रीटमेंट के लिए उसे मेकाहारा अस्पताल रायपुर रिफर किया गया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही अशोक ने दम तोड़ दिया था। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। पुलिस ने आरोपी मनोज यादव निवासी वार्ड 5 माया नगर रुआ बांधा सेक्टर भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।


अन्य पोस्ट