दुर्ग

विहिप कार्यकर्ताओं का निगमकर्मी से मारपीट
09-May-2026 4:18 PM
विहिप कार्यकर्ताओं का निगमकर्मी से मारपीट

हिन्दू देवी-देवताओं पर टिप्पणी का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 मई।
हिंदू देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को दोपहर दुर्ग नगर निगम कार्यालय में जमकर हंगामा हो गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के पीए गौतम साहू के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद निगम कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, गौतम साहू पर आरोप है कि उन्होंने एक महिला कर्मचारी को व्हाट्सएप के माध्यम से हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी भेजी थी। इसकी जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में निगम कार्यालय पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने गौतम साहू का विरोध करते हुए उनके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस गौतम साहू को अपने साथ थाना ले गई, जहां मामले में पूछताछ की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 299 के तहत अपराध दर्ज किया है।

गौतम साहू प्लेसमेंट कर्मचारी के तहत नगर निगम दुर्ग में पदस्थ है। वर्तमान में वह निगम आयुक्त के पीए का कार्य देख रहे हैं। यह पद जितनी जिम्मेदारी का रहता है, उतने ही जवाबदेही का भी है। यही वजह है कि इसके पहले तक इस पद का दायित्व निगम के नियमित कर्मचारी की संभाल रहे थे। हिंदू देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर गौतम साहू को निगम परिसर में बने मंदिर के समीप पकड़ा। उस समय उसकी कथित रूप से पिटाई की गई। कपड़े भी फट गए।
जानकारी के मुताबिक गौतम साहू के पैर तथा कनपटी के पास चोट आई है। जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। मारपीट के दौरान निगम के कई कर्मचारी बीच बचाव करने आए और किसी तरह मारपीट नहीं करने अनुरोध किया। कर्मचारियों ने गौतम साहू को पुलिस के हवाले करने कहा, ताकि स्थिति शांत हो जाए। वहीं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सौरभ देवांगन और रामलोचन तिवारी ने गौतम साहू के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।


अन्य पोस्ट