दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 अप्रैल। अवैध रूप से देशी मदिरा बिक्री करने के लिए ले जा रहे दो अलग-अलग जगह से दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 69 नग देशी मदिरा पौवा एवं नगदी रकम जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन कुमार राजपूत ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 21 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि नयापारा रोड स्थित आरबीएस बस सर्विस डिपो के पास दो अलग-अलग व्यक्ति अवैध रूप से देशी मदिरा बिक्री करने के लिए ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर टीम पहुंचकर घेराबंदी करते हुए दोनों संदेहियों को पकड़ा। राहुल निषाद के पास से 34 नग शोले मसाला देशी मदिरा एवं 200 रुपए नगद तथा आरोपी प्रकाश निषाद के कब्जे से 35 नग शोले मसाला देशी मदिरा जब्त किया गया है।


