दुर्ग
दुर्ग / भिलाई नगर, 22 अप्रैल। दुर्ग जिले के थाना अंडा क्षेत्र अंतर्गत मासूम से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ओम प्रकाश साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की अत्यंत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने धारा 64(1), 115(2), 351(3), 127(2) बीएनएस सहित पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत विवेचना शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंडा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी ओम प्रकाश साहू को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आरोपी का न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया और उसे जेल दाखिल कर दिया गया है।
फिलहाल अंडा पुलिस इस पूरे प्रकरण की सूक्ष्मता से विवेचना कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आवश्यक वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है ताकि न्यायालय में आरोपी के विरुद्ध मजबूत चार्जशीट पेश की जा सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्यवाही जारी है और सभी महत्वपूर्ण कडिय़ों को जोड़ा जा रहा है।


