दुर्ग

भिलाई स्पर्श हॉस्पिटल की जांच के लिए कमेटी गठित, 24 घंटे के भीतर सौंपे रिपोर्ट-कलेक्टर
21-Feb-2026 8:46 PM
भिलाई स्पर्श हॉस्पिटल की जांच के लिए कमेटी गठित, 24 घंटे के भीतर सौंपे रिपोर्ट-कलेक्टर

पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी आर्गेनाइजेशन के निर्देश पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 21 फरवरी। पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी आर्गेनाइजेशन द्वारा कलेक्टर और एसपी को दिए निर्देश पर 20 फरवरी को जांच कमेटी गठित कर दी गई है।

आपको बता दें कि रिहायशी क्षेत्र में संचालित 100 बिस्तर स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल राम नगर भिलाई के बेसमेंट में ऑक्सीजन प्लांट और मेनीफोल्ड रूम अवैध रूप संचालित होने की शिकायत गुरमीत सिंह वाधवा द्वारा की गई थी। हॉस्पिटल के बेसमेंट में ऑक्सीजन प्लांट के ख़तरों को लेकर प्लांट की अनुमति के संबंध में जब जनसूचना अधिकार के तहत कलेक्टर, जिला स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिक निगम से अनुमति के संबंध में शिकायतकर्ताओं ने पड़ताल की तो किसी भी प्रकार की अनुमति न दिए जाने का जवाब सामने आया।

स्थापना काल से ही विवादों में रहे इस अस्पताल को लेकर लगातार जिला, राज्य व केंद्र स्तर तक शिकायतें होती रहीं लेकिन अस्पताल मैनेजमेंट पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में राजस्थान ऑक्सीजन प्लांट विस्फोट का हवाला देते हुए स्थानीय रहवासियों ने एक बार फिर शासन प्रशासन से जनवरी महीने में गुहार लगाई। इस बीच 13 फरवरी को पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव सेफ्टी आर्गेनाइजेशन ने दुर्ग कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को जांच के निर्देश दिए थे।

20 फरवरी को दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मुख्य विस्फोटक नियंत्रक भारत सरकार पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन के निर्देश पर भिलाई स्थित निजी अस्पताल स्पर्श मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी भिलाई अस्पताल को गैस सिलेंडर नियम 2016 तथा एसएमपीवी (यू) नियम 2016 से संबंधित शिकायत की जांच के लिए कमेटी गठित कर 24 घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। जांच कमेटी में अनुविभागीय दण्डाधिकारी छावनी, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, जिला सेनानी नगर सैनिक दुर्ग और मुख्य चिकित्सा अधिकारी दुर्ग अथवा नामांकित प्रतिनिधि शामिल हैं। कमेटी को जांच कर स्पष्ट अभिमत सहित संयुक्त जांच प्रतिवेदन 21 फरवरी 2026 को प्रस्तुत करने कहा गया है।


अन्य पोस्ट