दुर्ग

केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष बने ठाकुर
21-Feb-2026 5:48 PM
केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष बने ठाकुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 फरवरी।
केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के चुनाव में मंगलदास ठाकुर (एमडी ठाकुर) अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
इसी प्रकार उपाध्यक्ष ध्रुव सिंह धुर्वे, महासचिव नीलकंठ गढे, सचिव जितेन्द्र ध्रुव, कोषाध्यक्ष सीताराम ठाकुर, आडिटर रमाकांत और सलाहकार पद पर राजकुमार ठाकुर निर्वाचित हुए है। यह निर्वाचन प्रक्रिया केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के कचना धुरवा देवालय सिविल लाईन दुर्ग में आयोजित विशेष आमसभा की बैठक में चुनाव अधिकारी ऋषि कुमार ध्रुव और डॉ. यशेश्वरी ध्रुव के मार्गदर्शन में पूरी की गई।
फर्म एवं सोसायटी इंदरावती भवन नवा रायपुर द्वारा पुन: चुनाव कराने के आदेश के परिपालन में केंद्रीय कार्यकारिणी का चुनाव कराया गया हैं। जिसकी विधिवत सूचना फर्म्स एवं सोसायटी को प्रेषित कर दी गई है। निर्वाचन उपरांत केंद्रीय कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा आयोजित विशेष आमसभा में पदभार भी ग्रहण कर लिया गया है। विशेष आमसभा में केंद्रीय गोंड महासभा के अलावा महिला प्रभार एवं युवा प्रभार का विस्तार किया गया है। जिसके अनुसार उपाध्यक्ष विकास मरकाम रायपुर, राजेन्द्र छेदावी कबीरधाम, संतराम नेताम अंबागढ़ चौकी मानपुर, प्रवक्ता विष्णुदेव ठाकुर राजनांदगांव, कार्यालय सचिव पन्ना नेताम, महिला प्रभार अध्यक्ष चंद्रिका ठाकुर दुर्ग, महासचिव भानुप्रभा नेताम, सचिव यशेश्वरी ध्रुव, कोषाध्यक्ष भीषम नागेश नगरी धमतरी, युवा प्रभार अध्यक्ष दिलीप ध्रुव चरौदा भिलाई, महासचिव तुलसी ध्रुव भिलाई, कोषाध्यक्ष युवराज कुंजाम, दुर्ग जिला अध्यक्ष राजेश ठाकुर निपानी पाटन को मनोनीत किया गया है।

इसके अलावा विशेष आमसभा में समाज हित में महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए हैं। जिसके अंतर्गत गोंड गोंडवाना महासभा बालोद, आदिवासी ध्रुव गोंड महासभा ओढार बांध जिला राजनांदगांव एवं आदिवासी गोंड गोंडवाना जिला महासमुंद में संचालित पंजीयन क्रमांक 2855/10 संस्था से केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ का कोई संबंध नहीं होगा, साथ ही अखिल भारतीय ध्रुव गोंड महासभा ओढार बांध जिला राजनांदगांव पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।

उक्त तीनों संगठनों को केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के संगठन कार्यों से पृथक करने आमसभा में सर्वसम्मति बनी हैं। केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के 12 अक्टूबर 2025 को हुए चुनाव को फर्म्स एवं सोसासटी रायपुर द्वारा अनियमितता व गड़बड़ी की वजह से 8 जनवरी 2026 को निरस्त कर पुन: चुनाव कराने का आदेश दिया गया था।
उक्त आदेश के परिपालन में पूर्व कार्यकारिणी के अध्यक्ष मंगलदास ठाकुर (एमडी ठाकुर) द्वारा कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित की थी। बैठक में आजीवन सदस्य, संरक्षक सदस्य, पूर्व पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में 1 फरवरी 2026 से नए चुनाव के लिए चुनावी कार्यक्रम तय किए गए थे। जिसके लिए दो चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए थे। यह चुनावी कार्यक्रम तिथिवार फर्म्स एवं सोसायटी रायपुर को भी प्रेषित किया गया था। 16 फरवरी को पूरी पारदर्शिता के साथ नए चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। चुनाव अधिकारी द्वारा 17 फरवरी को चुनावी परिणाम की विधिवत घोषणा की गई।


अन्य पोस्ट