दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 21 फरवरी। जल सेवा साधना बन जाये और प्रकृति के प्रति संवेदना मूल मंत्र बन जाये तब एक पावन संकल्प जन्म लेता है।
मानव सेवा और लोक कल्याण की दिव्य चेतना को साकार रूप प्रदान करने संत निरंकारी मिशन द्वारा प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत स्वच्छ जल, स्वच्छ मन अभियान का चौथा चरण का शुभारंभ सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज के निर्देशानुसार 22 फरवरी रविवार को समस्त भारत मे प्रारम्भ किया जा रहा है। इसी कड़ी में भिलाई में यह अभियान सुबह 7 बजे से सेक्टर 8 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन के पास प्रारम्भ किया जाएगा।
इस अभियान के तहत नहर व नहर के आसपास सफाई की जाएगी। ब्रांच संयोजक सतपाल सिंह सैनी ने बताया कि यह अभियान देश भर में 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है।इस अभियान के माध्यम से मानव जगत को जल संरक्षण व स्वच्छता संदेश देना है।
उन्होंने बताया कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की प्रेरणादायी शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए 2023 में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से प्रोजेक्ट अमृत का सूत्रपात किया गया था। नदियों, तालाबों, कुंओं, नहर, झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण व संवर्धन हेतु समर्पित इस जनांदोलन ने अपने तीन चरणों मे सेवा,समर्पण व सहभागिता की अदभुत मिसाल कायम की है। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष शिवनाथ नदी दुर्ग में अभियान के तहत सफाई की गई थी।
इस वर्ष भी 22 फरवरी को सत्संग भवन सेक्टर 8 में सुबह 7 बजे सैकड़ो अनुयायी इस अभियान में अपनी सेवाएं देकर स्वच्छता का संदेश देंगे। सद्गुरु माता सुदीक्षा जी का संदेश यही है कि स्वच्छ जल स्वच्छ मन अभियान मानव को प्रकृति ,समाज व आत्मा से जोड़ते हुए करुणा संतुलन व सौहार्द से परिपूर्ण भविष्य की ओर मार्गदर्शन करता है।
यह जानकारी सहायक जनसम्पर्क अधिकारी शंकर सचदेव ने दी।


