दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 फरवरी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित बारहवीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव शासकीय आदर्श कन्या शाला स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे। उन्होंने परीक्षा संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं शांतिपूर्ण वातावरण की स्थिति को जांचा। उन्होंने यह सुनिश्चित किए जाने कहा कि सभी परीक्षार्थियों को बिना किसी बाधा के निष्पक्ष एवं अनुकूल माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिले। मंत्री के निरीक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू विशेष रूप से मौजूद थी।
सीजी 12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन भौतिक तथा भूगोल विषय के प्रश्न पत्र हुए। परीक्षा शुरू होते ही व्यवस्थाओं को जांचने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बीआरजे शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग पहुंचे। मंत्री ने चर्चा में कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया जाना चाहिए। मंत्री ने परीक्षार्थियों को बड़े ही आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्हें संदेश दिया कि नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और संयम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्णा अग्रवाल सहित स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद थे।
वही ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान और परिश्रम की परख ही नहीं, बल्कि संयम और आत्मविश्वास की भी परीक्षा होती है। विधायक श्री चंद्राकर ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे तनावमुक्त और सकारात्मक मानसिकता के साथ परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित आहार और पर्याप्त विश्राम परीक्षा की तैयारी में उतने ही महत्वपूर्ण हैं, जितने कि पढ़ाई के घंटे। विधायक ने माता-पिता और शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उन्हें प्रेरित करें और उनका मनोबल बढ़ाएं।


