दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 फरवरी। नाबालिग से सामूहिक रेप के चर्चित मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल बीएन पांडेय ने शुक्रवार की सुबह न्यायाधीश एफटीसी दुर्ग अनीश दुबे की कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। वहीं इस मामले में एक अन्य फरार आरोपी पीडब्ल्यूडी में ठेकेदारी करने वाले संजय पंडित ने भी भीम नारायण पांडेय के साथ कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है। दोनों ही आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी। दोनों आरोपी एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे थे। इसी तरह पुलिस ने आरोपी अमित वर्मा को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी अपना पहचान दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपने नाम से कक्ष बुक कराया था जिससे मुख्य आरोपी को अपराध कारित करने में सहयोग प्राप्त हुआ था। पुलिस ने अमित वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
इस मामले के सभी आरोपी 30 जनवरी को भिलाई महिला थाने में मामला दर्ज होते ही भूमिगत हो गए थे। अब तक इस केस में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो आरोपियों ने स्वयं कोर्ट में सरेंडर किया है। एक फरार आरोपी राजू कश्यप को पुलिस ने कुछ दिन पूर्व ही गोरखपुर यूपी से गिरफ्तार किया था। उल्लेखनीय है कि आरोपियों ने नाबालिग को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर उसका लंबे समय तक शोषण किया था। शिकायत के कुछ घंटे के भीतर ही पुलिस ने तीन आरोपियों गोविंद सिंह ठाकुर, अनिल चौधरी एवं विजय स्वाइन को गिरफ्तार कर लिया था।


