दुर्ग

राजस्व वसूली में तेजी लाने और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
14-Feb-2026 7:13 PM
राजस्व वसूली में तेजी लाने और विकास कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 फरवरी।
नगर पालिक निगम भिलाई के सभागार कक्ष में गुरुवार को निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निगम की आय में वृद्धि के उपायों और शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजस्व वसूली पर विशेष जोर देते हुए आयुक्त ने निकाय की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने हेतु संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर, निर्यात कर और दुकानों के किराए की वसूली को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही विज्ञापन होर्डिंग्स, पार्किंग, यूजर चार्ज और भवन भूखंडों से प्राप्त होने वाली आय की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करने को कहा।
अधिकारी एवं कर्मचारी केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में उतरकर कार्यों की निगरानी और वसूली सुनिश्चित करें। कर्मचारियों के वेतन भुगतान और विद्युत देयकों के समय पर निपटान के संबंध में आवश्यक चर्चा की गई। योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन हेतु निर्देशित किया गया है। 15वें वित्त आयोग, अधोसंरचना मद, नालंदा परिसर और नगरोत्थान जैसी शासन की योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

नागरिकों के लिए निर्बाध पेयजल आपूर्ति और मंत्री जी की घोषणाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया।
 लोक कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और गोधाम योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना, ऑनलाइन संपत्तिकर भुगतान की सुविधा और मुक्तिधामों के रखरखाव जैसे विषयों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अतिरिक्त, मॉर्निंग विजिट के माध्यम से शहर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से उपायुक्त डी. के. कोसरिया, अजीत तिग्गा, अजय सिंह राजपूत एवं कुलदीप गुप्ता, चंद्रभूषण साहू, जावेद अली, राजस्व अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी, अभियंतागण सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट