दुर्ग

संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर जिला स्तरीय कार्यक्रम
27-Nov-2025 5:59 PM
संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर जिला स्तरीय कार्यक्रम

 विधायक चंद्राकर की मौजूदगी में संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 नवंबर।
हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान के संदेश के साथ संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भारत की संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकार किया था, उसी  ऐतिहासिक दिन की स्मृति में आज यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और अधिकारी-कर्मचारियों ने भारतीय संविधान पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किए, साथ ही शपथ भी लिए। इस अवसर पर कलेक्टर अभिजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, उपाध्यक्ष  पवन शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे, उप संचालक पंचायत आकाश सोनी सहित जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्री चंद्राकर ने कहा कि किसी भी देश की आत्मा उसके संविधान में निहित होती है। हम सभी संवैधानिक पदों पर कार्यरत हैं, इसलिए हमें ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे संविधान के मूल भाव को आघात पहुंचे।

उन्होंने कहा कि हमारी वाणी, व्यवहार और कार्यशैली संविधान की मर्यादा के अनुरूप होनी चाहिए। संविधान हमें कर्तव्य बोध की याद दिलाता है। जो अधिकार हमें संविधान ने दिए हैं, उनका सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि इसमें सभी के लिए स्थान है मनुष्य ही नहीं, पशु-पक्षियों के लिए भी संरक्षण है। आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं, जो संविधान द्वारा दिए गए समान अधिकार और अवसरों का परिणाम है। हमारा उद्देश्य सदैव जनहित में कार्य करना होना चाहिए।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि संविधान किसी भी देश की आत्मा में बसता है। एक शताब्दी पूर्व भारत की परिस्थितियां कैसी थीं, यह इतिहास बताता है, लेकिन विषम परिस्थितियों में भी देश को एक सूत्र में बांधकर रखने का कार्य हमारे संविधान ने किया। उन्होंने बताया कि संविधान निर्माण सभा में 300 से अधिक विद्वानों ने भाग लिया और लगभग तीन वर्षों में विश्व के सबसे बड़े संविधान का निर्माण हुआ।
संविधान बनाते समय देश के हर वर्ग, हर समुदाय का ध्यान रखा गया।
उन्होंने कहा कि संविधान में संशोधन की व्यवस्था भी है ताकि आवश्यक बदलाव किए जा सकें, फिर भी कोई भी नियम या अधिनियम संविधान के विरुद्ध नहीं जा सकता। संसद या विधानसभा द्वारा बनाए गए कानून भी संविधान की सीमाओं के भीतर ही मान्य हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे में सभी अधिकारी/कर्मचारियों को संविधान दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर विधायक श्री चंद्राकर ने जल संरक्षण की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किए गए प्रशस्ति पत्र के लिए जिला प्रशासन को बधाई और शुभकामनाएं दी।
 


अन्य पोस्ट