दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 सितंबर। हेमचंद विश्वविद्यालय में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब बी.एस.सी द्वितीय सेमेस्टर के करीब 50 छात्र-छात्राओं को कम अंक दिए जाने और बड़ी संख्या में अनुत्तीर्ण कर दिए जाने की जानकारी सामने आई।
परिणाम से नाराज छात्र-छात्राओं ने परिसर में जमकर नारेबाज़ी की और पुनर्मूल्यांकन की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। स्थिति बिगडऩे पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अरुण वोरा विश्वविद्यालय पहुंचे और छात्रों के बीच खड़े होकर उनकी आवाज़ बुलंद की। उनके साथ भिलाई युवा कांग्रेस के नेता इमाम ख़ान भी मौजूद थे। अरुण वोरा ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी से मुलाकात की और छात्रों की मांग स्पष्ट रूप से रखी। कुलपति ने आश्वासन दिया कि छात्रों की कॉपियों का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।


