दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 जुलाई। झूलेलाल धाम वैशाली नगर भिलाई में मंगलवार को संगीत मय रुद्राभिषेक का आयोजन पहली बार किया गया। इस आयोजन में भक्तों ने शिव को समर्पित किये अपने भाव।
भागवताचार्य कथावाचक पंडित आशीष कृष्ण शास्त्री एवं ज्योतिषी पंडित रितेश शर्मा ने रुद्राभिषेक कराया।
श्री शास्त्री ने बताया कि शास्त्र में कहा जाता है की श्रावण मास में जो व्यक्ति नाग पंचमी के दिन पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक पूजन करता है उसके कालसर्प दोष शापित दोष कुंडली में जितने भी दोष हैं जीवन में जो भी समस्या है उनका निवारण हो जाता है वह व्यक्ति अनंत काल तक शिवलोक में वास करता है
पंडित रितेश शर्मा ने कहा कि नाग पंचमी हिन्दू धर्म का एक अत्यंत पावन और शुभ पर्व है। इस दिन शिव पूजा का विशेष महत्व होता है।
श्रीराम सिंधी पंचायत के अध्यक्ष दिलीप पवानी ने बताया कि झूलेलाल धाम, वैशाली नगर में आज भक्तिमय वातावरण में संगीतमय रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुजनों ने भगवान शिव का जल, दूध, पुष्प आदि से विधिवत पूजन कर रुद्राभिषेक किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और श्रद्धा व भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की। यह जानकारी श्रीराम सिंधी पंचायत के मीडिया प्रभारी मनोहर कृष्णानी ने दी।


